
बीकानेर, 13 जून। अखिल राजस्थान उपभोक्ता संगठन महासंघ के 32वें प्रांतीय महासम्मेलन एवं उपभोक्ता संरक्षण एवं सुरक्षा समिति के 15वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन बीकानेर में शनिवार को किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से उपभोक्ता आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया।
मुख्यवक्ता के रूप में उपस्थित सीसीआई के नेशनल चेयरमैन डॉ. अनंत शर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी दोषपूर्ण वस्तु या खराब सेवा के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक उपभोक्ता ही अपने अधिकारों की प्रभावी रक्षा कर सकता है।
बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, समाजसेवी मदन मेघवाल उपभोक्ताओं से अपने अधिकार के प्रति जागरूक रहने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकार उनकी सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं अतः इसके प्रति वे जागरूक रहे। वक्ताओं ने उपभोक्ताओं को वस्तुएं खरीदते समय उनकी गुणवत्ता की जांच करने, एक्सपायरी डेट देखने तथा खरीदारी का पक्का बिल अवश्य लेने की सलाह दी। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष योगेश पालीवाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी जानकारी होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की अनियमितता के विरुद्ध सजग रहना चाहिए।
सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीति पंड्या ने कहा कि उपभोक्ता बाजार में खरीदारी के दौरान सचेत रहकर खरीदारी करें और अपने अधिकारों का उपयोग करे ताकि उनके शोषण की संभावना ना हो। महासम्मेलन में चंद्र शेखर शर्मा, दिनेश काकड़ा, अरुण अग्रवाल, ममता सिंह सुखवाल, भूप सिंह पाल, वी.पी. हलचल, मुकेश वैष्णव, ज्योति गौड़, दीपेंद्र सिंह राजावत सहित अनेक पदाधिकारियों एवं समाजसेवियों ने उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और जनजागरूकता बढ़ाने पर अपने विचार व्यक्त किए।
वक्ताओं ने उपभोक्ता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन शिव दधीच ने किया।
