
जयपुर में भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा में समाजजन उमड़े
जयपुर (WhatsApp- 6367472963)
भगवान परशुराम की जन्मोत्सव एवं अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर देवालयों में, सामाजिक संगठनों एवं धार्मिक संस्थाओं द्वारा देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों शोभायात्रा, महाआरती आदि धार्मिक गतिविधियो का आयोजन किया गया है l जयपुर में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में विद्याधर नगर स्थित महासभा के भगवान परशुराम परिसर से भक्ति, शक्ति और सामाजिक एकता के प्रतीक आयोजन भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें महानगर के सैकड़ो प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की l हाथी – घोड़ों की भव्य सवारी, बैंड बाजे और भगवान परशुराम के जयकारों के गगन भेदी नारों से यादगार बनी इस भव्य शोभायात्रा को हवा महल जयपुर से विधायक बाल मुकुंदाचार्य ने विधिवत पूजन कर, धर्मध्वजा दिखाकर एवं हरी झंडी दिखाकर रवाना किया l शोभायात्रा में राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठन, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारीयो एवं प्रबुद्ध गणमान्य नागरिकों ने शिरकत की l सिविल लाइन के विधायक गोपाल शर्मा ने शोभायात्रा में शामिल होकर आमजन से संवाद भी किया तथा भगवान परशुराम के जयकारे लगाए l पंडित शर्मा ने शोभायात्रा में शामिल होकर पूजा अर्चना की व आशीर्वाद लिया l

राजस्थान ब्राह्मण महासभा के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष दिशांत शर्मा एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व प्रमुख महामंत्री मधुसूदन शर्मा ने बताया कि भव्य शोभा यात्रा का विभिन्न स्थानों पर लोगों ने शानदार स्वागत किया तथा महानगर के ब्राह्मण प्रतिनिधियों के साथ ही अन्य वर्गों के लोगों ने भी शोभायात्रा में सहभागिता की l इस प्रभावी और शानदार आयोजन में जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष एमएल शर्मा, ललित मिश्रा एवं महेश शर्मा ने प्रभावी एवं महत्वपूर्ण सहयोग दिया l कार्यक्रम में महानगर ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष गोविंद जोहरी, महिला अध्यक्ष गरिमा राजपुरोहित, हनुमान चोटिया, एसके शर्मा, धीरज कौशिक आदि ने प्रभावी आयोजन में सहभागिता सुनिश्चित की l

महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व प्रमुख महामंत्री मधुसूदन शर्मा ने कहा कि यह शोभायात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं है बल्कि यह आयोजन समाज की एकता और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक विरासत एवं परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है !
