
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर ब्राह्मण हित संरक्षण के ठोस प्रयास हो -एसडी शर्मा
जयपुर, 1 जुलाई।
ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं देवस्थान बोर्ड राजस्थान के पूर्व सभापति पंडित एसडी शर्मा ने कहा है कि ब्राह्मण समाज में हमेशा सर्वे भवंतु सुखिनः की भावना के अनुरूप काम किया है और समाज का उद्देश्य सभी की सामूहिक प्रगति और विकास है। चार व पांच जुलाई को जयपुर में होने जा रही फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी व प्रतिनिधि सभा की बैठक से पूर्व आयोजित तैयारी चर्चा में पंडित शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण फेडरेशन अपनी स्थापना के साथ ही ब्राह्मण समाज के हित संरक्षण एवं कल्याण हेतु सतत प्रयास कर रहा है। संगठन के प्रतिनिधियों ने हर सक्षम मंच पर ब्राह्मण हितों की बात उठाई और आगामी फेडरेशन बैठक में संगठन की ओर से देश भर के ब्राह्मण प्रतिनिधियों के साथ संवाद करके समाज के हितो से जुड़े मुद्दों के लिए सुझाव लेकर सुझाव पत्र तैयार किया जाएगा जिसे सरकार को अग्रिम कार्रवाई हेतु भेजा जाना है।
पंडित शर्मा ने कहा कि देश के कई राज्यों में ब्राह्मण वेलफेयर कॉरपोरेशन की स्थापना हुई है इसी तरह राष्ट्रीय स्तर पर तथा जिन राज्यों में इनकी स्थापना नहीं हुई है वहां पर भी ब्राह्मण वेलफेयर कॉरपोरेशन की स्थापना की जाए तथा पर्याप्त बजट का आवंटन किया जाए जिससे ब्राह्मण समाज के किशोर व युवाओं को अध्ययन में सहयोग मिल सके, रोजगार के अवसर बढ़े तथा समाज के पात्र व जरूरतमंद लोगों को राहत मिल सके।
पंडित एस डी शर्मा ने कहा कि देश के सभी पात्र व जरूरतमंद युवाओं को शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में सहयोग व मार्गदर्शन की आवश्यकता है अतः सभी को राहत के प्रबंध आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि फेडरेशन व संबद्ध राज्य संगठनों द्वारा किशोर व युवाओं को शैक्षिक व रोजगार मार्गदर्शन देने के लिए भी बैठक में विचार विमर्श किया जाएगा ताकि वर्तमान में संचालित कार्यक्रम व गतिविधियों का विस्तार हो सके तथा भावी आवश्यकताओं के मद्देनजर कार्यक्रम की रूपरेखा का निर्धारण संभव हो सके, जिससे समाज की प्रतिभाएं आगे बढ़ सके।
बैठक में देशभर से आने वाले प्रतिनिधियों की व्यवस्था को लेकर विचार विमर्श किया गया। चर्चा में राजस्थान ब्राह्मण महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम जैमिनी, जयपुर महानगर अध्यक्ष मोहन प्रकाश शर्मा, फेडरेशन के राष्ट्रीय संगठन महासचिव अश्वनी तिवारी, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश पदाधिकारी शिवकुमार भारद्वाज, ब्राह्मण फेडरेशन के समन्वय सचिव रमेश ओझा सहित संगठन पदाधिकारी ने भाग लेकर चर्चा की।
संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव द्रोणम राजू रवि कुमार के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक में प्रस्तुत करने के लिए संगठन की ओर से ब्राह्मण समाज के हितार्थ, विकास और आवश्यकताओं के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर लिए गए हैं जिन पर राष्ट्रीय प्रतिनिधि सभा में चर्चा कर सहमति ली जाएगी तथा राज्यों के सुझावों को भी इसमें जोड़कर अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन देश के ब्राह्मण समाज प्रतिनिधियों का अग्रणी एवं प्रभावी संगठन है, 1984 में गठित किया गया ब्राह्मण फेडरेशन ब्राह्मण हितों के लिए सतत प्रयासरत है। वर्तमान अध्यक्ष पंडित एसडी शर्मा गत वर्ष अक्टूबर 2025 में कुरुक्षेत्र हरियाणा में आयोजित बैठक में देशभर से आए ब्राह्मण समाज प्रतिनिधियों के व्यापक समर्थन के आधार पर सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर निर्वाचित हुए। इस गौरवशाली संगठन के अध्यक्ष के रूप में चुने जाने के बाद पंडित शर्मा द्वारा ब्राह्मण समाज के हितों के संरक्षण हेतु सतत प्रयास किया जा रहे हैं तथा देश के समस्त राज्यों में फेडरेशन से संबद्ध इकाइयों के साथ संवाद कर समाज हित संरक्षण बाबत भावी योजना की रूपरेखा का भी निर्धारण किया जा रहा है। संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव द्रोणम राजू रवि कुमार एवं राष्ट्रीय संगठन महासचिव अश्विनी तिवारी को मांगपत्र प्रारूप समिति के लिए जिम्मेदारी दी गई है।
