
सकारात्मक सोच और उपभोक्ता जागरूकता की सशक्त आवाज
गांधीनगर, 26 जून। राष्ट्रीय कार्यक्रम, समाज सेवा, धर्म कर्म और जन कल्याण सभी क्षेत्रों में सेवा करने के लिए समय देना आवश्यक है और विविध कार्यों में सेवाएं देने के साथ ही अपने व्यक्तिगत व्यवस्था से जुड़े कार्यों को भी समय पर पूरा करने का प्रभावी प्रबंधन कुछ विशिष्ट लोग ही कर पाते हैं इनमें से एक कंज्यूमर कॉन्फ़िडेरेशन ऑफ़ इंडिया की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं धर्म कर्म के सेवा क्षेत्र में लंबे समय से प्रभावी ढंग से कार्य कर रही श्रीमती प्रीति पंड्या है। गुजरात के हिम्मतनगर निवासी प्रीति पंड्या सामाजिक सेवा, उपभोक्ता जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। सकारात्मक सोच और संवेदनशील व्यक्तित्व की धनी प्रीति पंड्या ने वाणिज्य में एम.कॉम., एलएलबी तथा अपराध विज्ञान (क्रिमिनोलॉजी) में एलएलएम की उपाधि प्राप्त की है। एलएलएम में उन्होंने स्वर्ण पदक भी हासिल किया है। वर्तमान में श्रीमती पंड्या उपभोक्ता संरक्षण में पीएचडी कर रही है।
प्रीति पंड्या लंबे समय से उपभोक्ता अधिकारों के संरक्षण और जागरूकता के लिए कार्यरत हैं। वे “जागो ग्राहक जागो” अभियान की प्रमुख सूत्रधारों में से एक हैं तथा उपभोक्ता विवाद निवारण मंच में लगभग एक दशक तक सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं तथा वर्तमान में भी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है। इसके साथ ही वे कंज्यूमर कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडिया की कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं महिला उत्थान से जुड़ी संस्थाओं से भी संबद्ध हैं। उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता पर आधारित कई वृत्तचित्रों की पटकथा लेखन और निर्माण में योगदान दिया है। साहित्य, संगीत और कला में उनकी विशेष रुचि है तथा वे कविता लेखन भी करती हैं।
प्रीति पंड्या ने रंगमंच और अभिनय के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने अंतरमहाविद्यालय, अंतरविश्वविद्यालय, जोनल और राष्ट्रीय स्तर की नाट्य प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अनेक पुरस्कार प्राप्त किए हैं। साथ ही कई टेलीविजन डॉक्यूमेंट्री फिल्मों में भी अभिनय किया है।
‘स्माइल प्लीज़’ समूह से जुड़कर वे अपनी सहज हास्य शैली और सकारात्मक ऊर्जा के माध्यम से लोगों के बीच विशेष पहचान बना चुकी हैं। सामाजिक सरोकारों, जनजागरण और रचनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी उन्हें समाज की विशिष्ट महिला व्यक्तित्वों में शामिल करती है। अपने नियमित गतिविधि व जन जागरूकता कार्यों के साथ धर्म कर्म में भी उनकी विशिष्ट रुचि है और वह धर्म कर्म के क्षेत्र में ख्यातनाम लोगों से जुड़कर भी सतत कार्य कर रही है।
