
निरक्षरो के लिए जागरूकता का संदेश है नवभारत साक्षरता – वर्मा
बांसवाड़ा, 9 जून l नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को लेकर तलवाड़ा ब्लॉक के सर्वेयरो की बैठक मंगलवार को ब्लॉक कार्यालय में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रघुनंदन वर्मा की अध्यक्षता एवं जिला साक्षरता अधिकारी निरंजन द्विवेदी के आतिथ्य में आयोजित की गई l
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रघुनंदन वर्मा ने कहा कि नवभारत साक्षरता का अभियान निरक्षरों के लिए जागरूकता का संदेश है। इस अभियान के तहत जुड़ने वाले निरीक्षरो को पढ़ना, लिखना, संख्या ज्ञान के साथ ही नवीनतम डिजिटल तकनीकी से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध करवाई जाती है ताकि वह नियमित कार्यों को स्वयं कर सके। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से जुड़ने वाले लर्नर दैनिक जीवन से जुड़े विभिन्न कार्य एवं गतिविधियों को करने में सक्षम बने इस बाबत अभियान का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे लोग जिन्होंने पूर्व में शिक्षा प्राप्त नहीं की है वे अभियान से जुड़ सकते हैं। उन्होंने सभी सर्वेयरो से आवाह्न किया कि वह ब्लॉक के पात्र निरक्षरों को अभियान से जोड़कर अभियान के उद्देश्यों को पूर्ण करने में सहभागिता निभाएं l
बैठक को संबोधित करते हुए जिला साक्षरता अधिकारी निरंजन द्विवेदी ने नवभारत साक्षरता अभियान की जानकारी देते हुए जिला एवं राज्य की प्रगति से अवगत करवाया। उन्होंने अभियान के तहत लर्नर्स के चिन्हीकरण में आ रही समस्याओं के तकनीकी समाधान की जानकारी दी l उन्होंने कहा कि अभियान से जुड़ने वाले निरक्षरों को शिक्षा के महत्व, डिजिटल एवं वाणिज्यिक कौशल के प्रति जागरूकता, राष्ट्र समाज एवं परिवार के प्रति दायित्वों का निर्वहन, दैनिक उपयोग से जुड़े विषय ओटीपी आदि के उपयोग, कानूनी एवं वित्तीय साक्षरता, सामान्य कानूनो की जानकारी, स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी जानकारियां, आपदा प्रबंधन, यातायात के नियम एवं जागरूकता से जुड़े संदेशों से अवगत करवाया जाता है ताकि वह स्वयं अपना कार्य बेहतर ढंग से कर सके।
ब्लॉक समन्वयक दीपक शाह ने नवभारत साक्षरता के तहत ब्लॉक के समस्त पीईईओ की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का आग्रह किया। बैठक में तलवाड़ा क्षेत्र से नीलम गांधी, कोमल द्विवेदी, रणछोड़ जादव, भचाडिया क्षेत्र से महेश बामनिया, कोहाला क्षेत्र राकेश गर्ग , देवलिया, उमराई आदि क्षेत्रों के कार्य प्रगति की जानकारी दी। कार्यक्रम का संयोजन व आभार व्यक्त दीपक शाह ने किया l
