
साल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में चिकित्सा शिक्षा को सशक्त बनाने में एआई की भूमिका पर शैक्षणिक कार्यक्रम
अहमदाबाद, 12 जून।
साल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एवं साल हॉस्पिटल, अहमदाबाद द्वारा CSRBOX और आईबीएम स्किल्स बिल्ड के सहयोग से “स्वास्थ्य सेवाओं के क्षमता निर्माण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका” विषय पर एक शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सीईओ डॉ. नितिन शाह, डीन डॉ. जयेन्द्र जडेजा तथा अतिरिक्त डीन डॉ. विजय पंड्या उपस्थित रहे। संभवतः यह साल इंस्टीट्यूट का अपनी तरह का पहला कार्यक्रम था, जिसमें विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की।
सीईओ डॉ. नितिन शाह ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता का विकास डॉक्टरों का स्थान लेने के लिए नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता और क्षमताओं को बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एआई रोगों की प्रारंभिक पहचान, बेहतर चिकित्सकीय निर्णय लेने तथा मरीजों की देखभाल की गुणवत्ता में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
डीन डॉ. जयेन्द्र जडेजा ने अपने संबोधन में कहा कि आधुनिक चिकित्सा शिक्षा में अब केवल चिकित्सकीय ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि डिजिटल स्वास्थ्य, डेटा विश्लेषण और एआई आधारित तकनीकों की समझ भी आवश्यक हो गई है।
अतिरिक्त डीन डॉ. विजय पंड्या एआई के चिकित्सा सेवाओं में उपयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं में एआई के विभिन्न अनुप्रयोगों, जैसे एजेंटिक एआई, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तथा हेल्थकेयर एआई टूल्स की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने एआई आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा अनुसंधान से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों से संवाद किया तथा अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
आयोजकों के अनुसार यह पहल विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं और प्रौद्योगिकी के भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। निकट भविष्य में मेडिकल विद्यार्थियों के लिए विशेष एआई प्रशिक्षण सत्र भी प्रारंभ किए जाने की योजना है।
कार्यक्रम में 100 से अधिक मेडिकल विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
