
सीसीआई के रजत जयंती समारोह में उपभोक्ता जागरूकता पर जोर
उपभोक्ता अधिकारों को मजबूत बनाने में सीसीआई की भूमिका सराहनीय : अनुपम मिश्रा
अहमदाबाद। उपभोक्ता मामलों के विभाग (DOCA) के अपर सचिव अनुपम मिश्रा ने कंज्यूमर कन्फेडरेशन ऑफ इंडिया (CCI) के रजत जयंती समारोह में उद्घाटन संबोधन देते हुए उपभोक्ता जागरूकता, उपभोक्ता अधिकारों और उपभोक्ता सशक्तिकरण के क्षेत्र में सीसीआई के 25 वर्षों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि सीसीआई की 25 वर्षों की यात्रा केवल समय का पड़ाव नहीं, बल्कि उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए किए गए निरंतर प्रयासों की प्रेरणादायक कहानी है। मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2019 में लागू किए गए कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट में सीसीआई एवं अन्य उपभोक्ता संगठनों के सुझावों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने कहा कि नए कानून के अंतर्गत केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA), क्लास एक्शन, ई-कॉमर्स और डायरेक्ट सेलिंग नियम जैसी नई व्यवस्थाएं लागू की गईं, जिससे डिजिटल युग में उपभोक्ताओं को बेहतर सुरक्षा मिल सके।
मिश्रा ने सीसीआई के सदस्यों की भूमिका की भी प्रशंसा की और कहा कि उन्होंने उपभोक्ता अधिकारों को मजबूत बनाने में निरंतर योगदान दिया है। उन्होंने “कंज्यूमर अवेयरनेस भारत यात्रा” को उपभोक्ता जागरूकता फैलाने की प्रेरणादायक पहल बताया।
अपने संबोधन में उन्होंने नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अब 1915 हेल्पलाइन, व्हाट्सऐप, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए 17 भाषाओं में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिससे शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक सरल और प्रभावी हुई है।

अंतर्राष्ट्रीय उपभोक्ता आंदोलनकारी, कंज्यूमर मैन ऑफ इंडिया, सीसीआई के नेशनल चेयरमेन डॉ अनंत शर्मा ने इस मौके पर सीसीआई की गतिविधि एवं कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए देश भर में संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों की गतिविधियों की सराहना करते हुए अभियान में सबके सहयोग हेतु आभार जताया l उन्होंने उपभोक्ता जागरूकता भारत यात्रा के प्रभावी सफल आयोजन के लिए भी देश के सभी उपभोक्ता संगठनों का आभार जताया l
कार्यक्रम में सीसीआई के वाइस चेयरमैन डॉ अरुण कुमार, सीसीआई की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती प्रीति पंड्या, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एम सेल्वराज, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सी हरी बाबू, महामंत्री देवेंद्र तिवारी सहित संगठन पदाधिकारी व प्रतिनिधियों ने भाग लेकर देश भर के उपभोक्ता आंदोलनकारीयो से संवाद किया l
