
एडीईओ एलीमेंट्री के साथ अभद्रता का आरोप, कार्रवाई की मांग
- बांसवाड़ा
राजस्थान शिक्षा सेवा परिषद (प्रधानाचार्य) बांसवाड़ा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रारंभिक शिक्षा के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और हाथापाई के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जिला अध्यक्ष विमल चौबीसा एवं जिला मंत्री विजयकृष्ण वैष्णव के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर को दिए ज्ञापन में बताया कि सत्रह अप्रैल को प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय में कार्यरत अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के साथ एक निजी स्कूल के संचालक द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। परिषद ने आरोप लगाया कि संचालक ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की और सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। परिषद ने मांग की है कि संबंधित निजी विद्यालय के संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा विद्यालय को ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही, इस प्रकरण में यदि कोई विभागीय कर्मचारी संलिप्त पाया जाए तो उसके खिलाफ भी विभागीय जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शिक्षा विभाग में अधिकारियों व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।परिषद के पदाधिकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
संगठन ने जिला कलेक्टर से अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक के साथ निजी स्कूल संचालक द्वारा हाथपाई गाली गलौज करने वाले के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने ,शिक्षक की प्रतिनियुक्ति निरस्त करने ,कर्मचारियों को सुरक्षा प्रदान करने एवं प्रकरण की जांच प्रशासनिक अधिकारी से करवाने निवेदन किया है । इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विमल चौबीसा , जिलामंत्री विजय कृष्ण वैष्णव , विनोद निनामा, नजमुल हुसैन, विभा पुरोहित ,प्रमोद तबियार, वीरेंद्र दोषी, संजय शाह, राज किशोर यादव, मनीष उपाध्याय, मनोज सिंघवी, जमना लाल खराड़ी, केशू लाल खराड़ी आदि संगठन प्रतिनिधि मौजूद रहे ।
